Search

March 18, 2026 1:08 am

ईद को लेकर बाजार गुलजार, खरीदारों की उमड़ी भीड़।

पाकुड़ सहित जिले के हर प्रखंड में ईद की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। मंगलवार को बाजारों में खासा उत्साह देखने को मिला, जहां सुबह से ही लोग परिवार के साथ खरीदारी के लिए उमड़ पड़े। देर शाम तक बाजार में रौनक बनी रही और कपड़ों की दुकानों पर खरीदारों की भारी भीड़ जुटी रही। रेडीमेड कपड़े, कुर्ता-पायजामा, बच्चों के फैशनेबल ड्रेस और महिलाओं के सूट-साड़ी की दुकानों पर लंबी कतारें लगी रहीं। युवाओं में नए डिजाइन के कुर्ते, शर्ट और टी-शर्ट की मांग बढ़ी है, वहीं महिलाएं आकर्षक सूट, साड़ी और ड्रेस मटेरियल की खरीदारी में जुटी दिखीं। बच्चों के लिए रंग-बिरंगे और ट्रेंडी कपड़ों की बिक्री भी तेज रही। दुकानदारों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से बिक्री में लगातार इजाफा हो रहा है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई दुकानों में विशेष छूट और ऑफर भी दिए जा रहे हैं। शाम होते-होते बाजार में भीड़ और बढ़ जाती है, जिससे पूरे इलाके में त्योहार का माहौल साफ झलक रहा है। कपड़ों के अलावा जूते-चप्पल, टोपी, इत्र और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी अच्छी भीड़ देखी गई। वहीं सेवई की दुकानों पर भी खरीददारों की खासी भीड़ उमड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल ईद के करीब आते ही बाजारों में इसी तरह की रौनक देखने को मिलती है। खासकर बच्चों में ईद को लेकर जबरदस्त उत्साह है और वे अपने पसंद के कपड़े व जूते खरीदने के लिए अभिभावकों के साथ बाजार पहुंच रहे हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर