Search

May 24, 2026 12:53 am

बकरीद को लें नगर थाना में शांति समिति की बैठक आपसी सौहार्द और अमन के साथ मनेगा त्योहार

पाकुड़: ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शहर में पूर्ण आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को नगर थाना परिसर के सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी की अध्यक्षता में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध और गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया और त्योहार को शांतिपूर्ण व गरिमामय माहौल में मनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

कानून-व्यवस्था से समझौता नहीं, हर गतिविधि पर रहेगी नजर: एसडीओ

बकरीद का त्योहार त्याग और बलिदान का संदेश देता है। इसे पूरी पवित्रता और शांति के साथ मनाएं। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर रखी जा रही है पैनी नजर: डीएसपी

त्योहार के दौरान शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स की मॉनिटरिंग की जा रही है। कोई भी आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट शेयर न करें। पुलिस जनता के सहयोग के लिए चौबीसों घंटे उपलब्ध है।

सफाई और पानी की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी: नगर प्रशासक

बकरीद के मद्देनजर नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी संवेदनशील स्थलों और मस्जिदों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। त्योहार के दौरान पानी की आपूर्ति और चूने-ब्लीचिंग का छिड़काव समय पर सुनिश्चित किया जाएगा।

ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में समन्वय जरूरी: बीडीओ

त्योहार को लेकर प्रखंड और नगर प्रशासन पूरी तरह से समन्वय बनाकर काम कर रहा है। सभी नागरिकों से अपील है कि वे सरकारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए त्योहार की खुशियां आपस में बांटें।

हुड़दंगियों से सख्ती से निपटेगी पुलिस:थाना प्रभारी

शहरी क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बाइकर्स गैंग और हुड़दंग करने वालों पर विशेष नजर रहेगी। शांति समिति के सदस्यों से अनुरोध है कि वे अपने-अपने वार्डों में सक्रिय रहकर आपसी सद्भाव बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।बैठक में मौजूद दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने एक सुर में कहा, “पाकुड़ का इतिहास हमेशा से कौमी एकता और आपसी भाईचारे का रहा है। इस बार भी हम सब मिलकर बकरीद के त्योहार को अमन-चैन के साथ मनाएंगे और शहर की गंगा-जमुनी तहजीब को अक्षुण्ण रखेंगे।इस अवसर पर विभिन्न वार्डों के पार्षद, समाज सेवी, प्रबुद्ध नागरिक और शांति समिति के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।

img 20260523 wa00206253842776702896573
img 20260523 wa00193180152633235303696

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!