Search

May 30, 2026 11:07 pm

चोरी का ‘पुराना खिलाड़ी’ चढ़ा पुलिस के हत्थे, रेलवे क्वार्टर कांड का पुलिस ने किया खुलासा

पाकुड़ पुलिस को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शनिवार को कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे क्वार्टर में हुई बड़ी चोरी के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त एक शातिर आदतन अपराधी अमन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके खिलाफ पहले से ही पाकुड़ नगर और मुफस्सिल थानों में चोरी के 13 गंभीर मामले दर्ज हैं। मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि बीते 28 दिसंबर 2025 की रात पाकुड़ रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक रेलवे क्वार्टर से अज्ञात चोरों द्वारा नकद रुपए एवं कीमती जेवरातों की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में पीड़ित राणा प्रताप यादव द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या 330/2025, दिनांक 28.12.2025 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

एसआईटी ने बिछाया जाल, तब फंसा मछली

पाकुड़ जिले में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और इस कांड के त्वरित उद्भेदन हेतु एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस विशेष टीम ने मानवीय व तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना के मुख्य आरोपी अमन अंसारी (पिता- समीम अंसारी, निवासी- नलपोखर, थाना- पाकुड़ नगर, जिला- पाकुड़) को धर दबोचा।

आरोपी का लंबा है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार अभियुक्त अमन अंसारी (करीब 31 वर्ष) का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस द्वारा इंटरऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) के रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि आरोपी के विरुद्ध पाकुड़ नगर एवं मुफस्सिल थाना में इस नए कांड के अलावा चोरी, सेंधमारी एवं माल बरामदगी से जुड़े कुल 13 मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।एसपी ने बताया कि आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेजने हेतु आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।इस सफल उद्भेदन टीम में मुख्य रूप से एसडीपीओ कुमार गौरव, नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, पु०अ०नि० सन्नी सुवरात, पु०अ०नि० किशुन रजक, पु०अ०नि० विकर्ण कुमार, पु०अ०नि० अनन्त साहा, तकनीकी शाखा के पु०अ०नि० सुकदेव साहा व उनकी टीम, स०अ०नि० सूर्य तुरी तथा पाकुड़ नगर थाना का सशस्त्र बल शामिल था।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!