Search

May 30, 2026 11:04 pm

मेडिकल हॉल से एसी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के दो शातिर चोर गिरफ्तार, भारी सामान बरामद

पाकुड़ जिला पुलिस ने चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। हटपाड़ा स्थित मां नित्य काली मेडिकल हॉल से एसी का आउटडोर यूनिट चोरी होने के मामले का महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन करते हुए पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को दबोच लिया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इस पूरे मामले का भंडाफोड़ किया। अपराधियों की निशानदेही पर चोरी गया एसी यूनिट और घटना में प्रयुक्त उपकरण बरामद कर लिए गए हैं। इसके साथ ही एक अन्य पुरानी चोरी की घटना का भी सफल खुलासा हुआ है।

29 मई की रात को दी थी वारदात को अंजाम

एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि दिनांक 29.05.2026 की रात्रि को हटपाड़ा स्थित मां नित्य काली मेडिकल हॉल से अज्ञात चोरों द्वारा स्टैंड सहित एसी का आउटडोर यूनिट चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में पीड़ित आनंद मंडल द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या-119/2026, धारा-303(a)/3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। जिला क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने इसे अत्यंत गंभीरता से लिया था।गिरफ्तार अभियुक्तों में रहमान शेख – पिता हुमेन शेख, निवासी: अंजाना, थाना: पाकुड़ मुफस्सिल, जिला: पाकुड़ एवं मुहर्रम शेख- पिता: बैतुल शेख, निवासी: अंजाना, थाना: पाकुड़ मुफस्सिल, जिला: पाकुड़ शामिल हैं

एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी थी विशेष टीम

मामले के त्वरित उद्भेदन और चोरों की गिरफ्तारी के लिए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पाकुड़, कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया। सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई और घटना में संलिप्त दोनों मुख्य आरोपियों को धर-दबोचा गया।

पूछताछ में खुली पुरानी चोरी की पोल

पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने न सिर्फ मेडिकल हॉल में की गई चोरी की बात कबूली, बल्कि एक अन्य पूर्व की चोरी की वारदात का भी राज उगल दिया। अपराधियों की निशानदेही पर पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या-107/2026 (दिनांक 18.05.2026, धारा-303(2)/331(2)/3(5) BNS) में चोरी गए दो कांसे की थाली और एक गैस सिलेंडर को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है।बरामद किए गए सामानों में कांड संख्या 119/2026 एसी का आउटडोर यूनिट मय स्टैंड, एक पलास, एक पेचकस एवं चोरी के वक्त अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े।कांड संख्या 107/2026 चोरी की गई 02 पीस कांसे की कीमती थाली एवं 01 अदद रसोई गैस सिलेंडर।

छापेमारी टीम की सराहना

एसपी ने कांड का त्वरित खुलासा करने वाली टीम की पीठ थपथपाई है। इस विशेष छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुमार गौरव के अलावा नगर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार गुप्ता, वैधानिक अनुसंधानकर्ता व पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) सर्वश्री सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, विकर्ण कुमार, अनन्त साहा, सुकल कुमार दे, अभिषेक कुमार तथा तकनीकी शाखा के पुअनि सुकदेव साहा और पाकुड़ नगर थाना का सशस्त्र बल शामिल था। पुलिस प्रशासन ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!