Search

June 1, 2026 10:45 pm

विश्व पर्यावरण दिवस: वन विभाग का पांच दिवसीय अभियान शुरू, अधिकारी साइकिल-टोटो से पहुंचे दफ्तर.

प्लास्टिक सफाई, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, तितली व फॉसिल्स भ्रमण से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश

पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर पाकुड़ वन प्रमंडल ने सोमवार से पांच दिवसीय विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत 1 से 5 जून तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता, पौधारोपण, जनजागरूकता और प्रकृति संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले दिन सोमवार को प्रमंडलीय कार्यालय और वन प्रक्षेत्र कार्यालय परिसर में प्लास्टिक कचरा हटाने एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही वन प्रमंडल पदाधिकारी सौरव चंद्रा के निर्देश पर सभी वनकर्मी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पैदल, साइकिल अथवा टोटो से अपने-अपने कार्यालय पहुंचे। इस पहल का उद्देश्य ईंधन की खपत कम करने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देना है। वन विभाग के अनुसार 2 जून को स्कूली बच्चों को बरमसिया फॉसिल्स स्थल का भ्रमण कराया जाएगा। साथ ही उन्हें क्षेत्र में पाई जाने वाली दुर्लभ तितली प्रजातियों से परिचित कराया जाएगा, ताकि बच्चों में जैव विविधता और प्राकृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता बढ़े। 3 जून को हिरणपुर, अमड़ापाड़ा, लिट्टीपाड़ा और महेशपुर समेत विभिन्न वन प्रक्षेत्रों व कार्यालय परिसरों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं 4 जून को अनुमंडल कार्यालय परिसर में सफाई अभियान के साथ पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। अभियान का समापन 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस के दिन होगा। इस अवसर पर सिद्धू-कान्हू पार्क से वन प्रमंडल कार्यालय तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम के साथ पांच दिवसीय अभियान का समापन होगा। वन विभाग का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना तथा स्वच्छ, हरित और सुरक्षित वातावरण के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

img 20260601 wa0021908051354404051305
img 20260601 wa00202833381190833147578
img 20260601 wa00196745818737657918091

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!