Search

September 24, 2026 5:31 pm

पत्तामेला से लौट रहे किशोर की सड़क हादसे में मौत, एक गंभीर रूप से घायल।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के छोटा सरसा गांव के समीप रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छोटा सूरजबेड़ा गांव निवासी देव हेंब्रम (16 वर्ष), पिता प्रकाश हेंब्रम, अपने दोस्तों के साथ घाघरजानी पत्तामेला देखकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान रविवार रात करीब नौ बजे छोटा सरसा के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि देव हेंब्रम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में हेरूलाल हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए दुमका रेफर कर दिया गया। दुर्घटना में शामिल चरण मुर्मू को मामूली चोटें आई हैं और वह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। रविवार की रात हुए इस दर्दनाक हादसे ने छोटा सूरजबेड़ा और आसपास के गांवों को गमगीन कर दिया है। एक होनहार किशोर की असमय मौत से ग्रामीणों में शोक व्याप्त है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!