चांदपुर व पत्थरघट्टा चेकपोस्ट पर कागजातों की जांच, अवैध वसूली रोकने पर जोर।
पाकुड़। सड़क सुरक्षा और राजस्व वसूली को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने बुधवार को चांदपुर एवं पतलाघट्टा चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चेकपोस्ट पर वाहनों की एंट्री, माइनिंग चालान, रजिस्टर संधारण तथा ओवरलोड खनिज परिवहन की जांच की गई।
डीटीओ ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और कर्मियों को मोटर वाहन अधिनियम एवं झारखंड मोटर वाहन नियमावली के तहत नियमों का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश दिया। इस दौरान गुजरने वाले वाहनों के निबंधन प्रमाण पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना वैध कागजात और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चेकपोस्टों पर किसी भी प्रकार की अवैध वसूली पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीटीओ ने वाहन मालिकों और चालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर वाहन नहीं चलाने की अपील की। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित होगा।








