नवीनगर में सबसे ज्यादा नुकसान, घर की छत गिरने से ग्रामीण घायल; पेड़ और हाईटेंशन तार गिरने से कई जगह टला बड़ा हादसा
पाकुड़। गुरुवार दोपहर अचानक आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने पाकुड़ के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भारी तबाही मचा दी। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के नवीनगर गांव में चक्रवाती हवाओं ने दर्जनों घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि बाहिरग्राम फाटक के पास विशाल पेड़ और करीब 10 बिजली पोल गिरने से पाकुड़ को पड़ोसी राज्य से जोड़ने वाला मुख्य मार्ग घंटों बाधित रहा। सड़क पर हाईटेंशन तार बिखर जाने से अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। नवीनगर के माठपाड़ा और मंडल टोला में तूफान का सबसे अधिक असर देखने को मिला। कई परिवारों के आशियाने पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घर की छत गिरने से नाटु मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज जारी है। दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। इधर बाहिरग्राम फाटक के समीप मुख्य सड़क पर एक विशाल पेड़ गिरने से बिजली के कई पोल धराशायी हो गए। हाईटेंशन तार सड़क पर गिर जाने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही मालपहाड़ी पुलिस, बिजली विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और कटर मशीन से पेड़ हटाकर मार्ग को बहाल करने का अभियान शुरू किया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस वन-वे व्यवस्था के तहत वाहनों का आवागमन करा रही थी। नगर क्षेत्र के बड़ी अलीगंज में भी तेज आंधी के कारण एक पुराने बरगद की भारी डाल टूटकर सड़क पर गिर गई। उसकी चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पास से गुजर रही गैस लदी गाड़ी और कई राहगीर बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से रास्ते से डाल हटाई गई।
घटना की सूचना पर अंचल अधिकारी अरविंद बेदिया और मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता दलबल के साथ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। अंचल अधिकारी ने बताया कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जा रही है तथा क्षति का सर्वे कराया जा रहा है। सरकारी प्रावधानों के तहत सभी प्रभावितों को जल्द मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं प्रशासन गिरे पेड़ों और बिजली पोलों को हटाकर जनजीवन सामान्य करने में जुटा है।











