पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन, पाकुड़ में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन का संदेश दिया तथा सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी से जुड़ा दायित्व है। उन्होंने सभी कर्मियों को पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया और हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हरित एवं स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश देना था। पाकुड़ पुलिस ने कहा कि हरित पाकुड़ के निर्माण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर भविष्य में भी वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाए जाएंगे।









