Search

September 24, 2026 12:37 pm

सामाजिक कार्यकर्ता ने उपायुक्त को सौंपा मांग पत्र, ट्रैफिक से लेकर बिजली संकट तक उठाए कई मुद्दे।

पाकुड़। जिले की नई उपायुक्त मेधा भारद्वाज के पदभार ग्रहण करने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता सह डॉ. भीमराव आंबेडकर विचार मंच, पाकुड़ के संयोजक सुजीत कुमार विद्यार्थी ने उनका स्वागत करते हुए विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई उपायुक्त के नेतृत्व में जिले के विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम लोगों की समस्याओं का समाधान होगा। सौंपे गए मांग पत्र में शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, ई-रिक्शा और टेंपो के लिए रूट चार्ट लागू करने, फुटपाथ और सड़कों से अतिक्रमण हटाने तथा जाम की समस्या दूर करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित यातायात और अतिक्रमण के कारण आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सवारी और भारी वाहनों के चालकों के लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच कराने की मांग की गई है। साथ ही शहर में बढ़ रही चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत, नए कैमरे लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई है। इसके अलावा अंबेडकर चौक पर देर रात तक लगने वाले जमावड़े पर कार्रवाई, विभिन्न विभागों में लंबे समय से जमे कर्मियों और अधिकारियों के स्थानांतरण तथा जिले में बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। सुजीत कुमार विद्यार्थी ने कहा कि आमड़ापाड़ा क्षेत्र में कोयला खदानें संचालित होने के बावजूद जिले के कई इलाकों में बिजली संकट बना हुआ है। उन्होंने उपायुक्त से जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने की अपेक्षा जताई है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!