पाकुड़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को हिरणपुर-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन एवं जिला परिवहन कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने किया। उनके साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) एवं सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने मार्ग से गुजर रहे वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने, ओवरस्पीड से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन नहीं चलाने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि हाल के दिनों में हिरणपुर-पाकुड़ मार्ग पर दोपहिया वाहनों की दुर्घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई तथा पंपलेट वितरित किए गए। वहीं, हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चला रहे चालकों को अधिकारियों ने पौधा एवं जागरूकता सामग्री देकर सम्मानित किया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।






