Search

July 24, 2026 12:40 am

लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाएं, अपराधियों पर कसें शिकंजा : एसडीपीओ

पाकुड़। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौरव कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में पहली मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी शामिल हुए। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसडीपीओ ने थाना प्रभारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस कदम उठाएं। एसडीपीओ ने रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, अवैध धंधों पर अंकुश लगाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में अपराध नियंत्रण की रणनीति, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!