पाकुड़। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुष्पानगर में पुलिस ने एक चाय दुकान में छापेमारी कर ब्राउन शुगर और गांजा के अवैध कारोबार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि पुष्पानगर स्थित एक चाय दुकान में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग भागने लगे। पुलिस ने चाय दुकान संचालक अंसारूल शेख और सादुल शेख को पकड़ लिया। तलाशी में अंसारूल शेख के पास और उसकी दुकान से कुल 21 पुड़िया ब्राउन शुगर, 24 पुड़िया गांजा तथा 2310 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं सादुल शेख के पास से दो पुड़िया गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 7.07 ग्राम ब्राउन शुगर और 54.73 ग्राम गांजा जब्त किया है। पूछताछ में नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में मुफस्सिल थाना कांड संख्या 73/2026 दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।








