पाकुड़। विश्व पर्यावरण दिवस सप्ताह (05 जून से 12 जून) के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शबरी पाल के नेतृत्व में पाकुड़ शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान VIP रोड, मदर टेरेसा चौक, मेन रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में नगर परिषद कर्मियों के साथ श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया गया। नगर अध्यक्ष शबरी पाल ने अभियान के माध्यम से नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया और स्वच्छ, सुंदर एवं हरित पाकुड़ के निर्माण में सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है और जनभागीदारी से ही बेहतर बदलाव संभव है। इसके अलावा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क (रानी डिग्गी पोखर) में पौधारोपण किया गया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और स्वच्छ पाकुड़ के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की।







