दिनदहाड़े घर की रेकी, रात में चोरी का खेल! चोरों ने उड़ाए 9 लाख के गहने और डेढ़ लाख नकद।
प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। थाना मुख्यालय के नजदीक शनिवार को चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब डेढ़ लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। गृहस्वामी उपेंद्रनाथ साहा ने रविवार को लिट्टीपाड़ा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह वह अपने पैतृक गांव बड़ा सरसा राशन वितरण के कार्य से गए थे। देर रात वापस लौटने पर देखा कि घर का मुख्य गेट टूटा हुआ था। अंदर जाने पर गोदरेज का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गोदरेज के अंदर रखे बॉक्स को ही उठा ले गए, जिसमें सोने का हार, चेन, हाथ का कंगन समेत करीब छह भरी सोना, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग नौ लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चांदी के पायल समेत करीब 15 भर चांदी के गहने, दो नई साड़ियां और डेढ़ लाख रुपये नकद भी चोरी कर लिए गए।
बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के पिछले हिस्से में मौजूद पेड़ के सहारे आंगन में प्रवेश किया और पूरी वारदात को अंजाम दिया। घटना से प्रतीत हो रहा है कि चोरों ने पहले घर की गतिविधियों की रेकी की और मौका मिलते ही चोरी कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, घर में रहने वाले किरायेदार भी सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बाहर रहते हैं। इसी समय का फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की योजना को अंजाम दिया। लोगों ने आशंका जताई है कि घटना में स्थानीय चोर गिरोह का हाथ हो सकता है। इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है और जांच शुरू कर दी है। थाना मुख्यालय के पास हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर पूरे लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में चर्चा हो रही है।






