66 बूथों पर होगी व्यवस्था, वार्ड पार्षद करेंगे लोगों को जागरूक; अर्बन टास्क फोर्स की बैठक में तैयारियों की समीक्षा
पाकुड़। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए सोमवार को नगर परिषद पाकुड़ सभागार में अर्बन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सबरी पाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि आगामी 28 जून से 30 जून तक चलने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाई जाएगी। पाकुड़ नगर क्षेत्र में 11,679 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 66 बूथ बनाए गए हैं, जबकि अभियान की निगरानी के लिए 13 सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने कहा कि अभियान को सफल बनाने में नगर परिषद हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि सभी वार्ड पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करेंगे और बूथ दिवस पर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करेंगे। सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए हर पात्र बच्चे को दवा पिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी ने अभियान के प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि नगर परिषद के माध्यमों से घर-घर तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग बूथों तक पहुंच सकें। जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. एसके झा ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएंगी। वैक्सीनेटर और सुपरवाइजरों को जल्द प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, जरूरत वाले क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह की दीदियों को भी वैक्सीनेटर टीम के साथ जोड़ा जाएगा।





