पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव स्थित बंद पड़े खदान में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई.बेलपहाड़ी निवासी स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया के 25 वर्षीय पुत्र राम पहाड़िया दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच खदान में नहाने गया था, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा. काफी देर तक इंतजार के बाद परिजन उसकी तलाश में निकले. खोजबीन के दौरान जब वे खदान के पास पहुंचे तो पानी के किनारे राम पहाड़िया के कपड़े और साबुन पड़े मिले. यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और युवक के खदान के गहरे पानी में डूब जाने की आशंका जताई गई. घटना की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू एवं अंचलाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश व निकालने की प्रक्रिया में जुट गए. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है.वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुटे हुए हैं और युवक की खोजबीन जारी है.








