Search

June 19, 2026 1:31 am

108 एम्बुलेंस ने दिया जवाब, SBI फाउंडेशन की एम्बुलेंस बनी सहारा; समय पर अस्पताल पहुंचाकर छात्रा की बचाई जान।

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़): संकट की घड़ी में समय पर मिली मदद किसी जीवनदान से कम नहीं होती। महेशपुर प्रखंड की देवीनगर पंचायत में SBI फाउंडेशन के सहयोग से संचालित ग्राम सेवा केंद्र की एम्बुलेंस ने गुरुवार को ऐसी ही मिसाल पेश की। एम्बुलेंस सेवा ने एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय देवीनगर में पढ़ाई के दौरान छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसे गंभीर दौरा पड़ने लगा। विद्यालय के शिक्षक और प्रबंधन ने तुरंत छात्रा को घर पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और खराब हो गई। परिजनों और शिक्षकों ने तत्काल सरकारी 108 एम्बुलेंस सेवा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण समय पर सेवा उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने ग्राम सेवा केंद्र की एम्बुलेंस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही SBI फाउंडेशन की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और बिना देरी किए छात्रा को महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया।अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा की स्थिति में सुधार बताया गया। समय पर एम्बुलेंस मिलने से छात्रा को बेहतर इलाज मिल सका। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि देवीनगर में SBI फाउंडेशन के सहयोग से दो एम्बुलेंस संचालित हैं। इनमें एक एम्बुलेंस इंसानों के इलाज और दूसरी बेजुबान पशुओं की सेवा के लिए उपलब्ध है। जरूरत के समय त्वरित सेवा देकर यह एम्बुलेंस ग्रामीणों के बीच भरोसे का केंद्र बन गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि SBI फाउंडेशन के बैनर तले क्षेत्र में स्वास्थ्य सहित कई जनकल्याणकारी कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!