ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा, मामले की जांच में जुटी मुफस्सिल थाना पुलिस
फर्जी तरीके से जन्म प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में पाकुड़ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के बागशिशा गांव निवासी हेमंत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नवरोत्तनपुर गांव में 21 जून को हेमंत कुमार कथित रूप से फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने पहुंचा था। इसकी भनक लगने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और मामले की जानकारी अंचल अधिकारी एवं मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ अरविंद कुमार बेदिया और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाना लाया, जहां उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव के अनुसार, आरोपी पर बीएनएस की धारा 179, 318(4), 336(3), 338, 340(1), 340(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।





