Search

June 23, 2026 1:39 am

मोहर्रम को लेकर थाना में शांति समिति की बैठक, थाना प्रभारी ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इकबाल हुसैन

महेशपुर/पाकुड़। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और आपसी भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को महेशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रवि शर्मा ने की।
बैठक में प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, मोहर्रम कमेटी के सदस्य एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस के रूट, समय, साउंड सिस्टम सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
थाना प्रभारी रवि शर्मा ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। बैठक में मौजूद सामाजिक कार्यकर्ताओं और कमेटी सदस्यों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। थाना प्रभारी ने कहा कि मोहर्रम आपसी एकता और भाईचारे का संदेश देता है, इसलिए सभी समुदाय के लोग मिलकर शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाएं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!