बोरियो। मोतीपहाड़ी गांव में मां रानी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के नाम पर ग्रामीणों से जमा कराई गई राशि वापस नहीं मिलने का मामला सामने आया है। जमा रकम नहीं मिलने से परेशान दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने बोरियो थाना में लिखित आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने सोसाइटी के नाम पर लोगों का खाता खुलवाया और घर-घर जाकर प्रतिदिन राशि जमा कराई। उन्हें एक वर्ष में आकर्षक ब्याज देने का भरोसा भी दिया गया था। ग्रामीणों के अनुसार, यह योजना 13 मई 2025 से शुरू हुई थी और 13 मई 2026 तक लोगों से राशि जमा कराई गई। अब जब ग्रामीण अपनी जमा राशि वापस मांग रहे हैं तो दोनों युवकों ने कथित रूप से यह कहते हुए जिम्मेदारी से किनारा कर लिया कि उन्होंने संस्था में काम करना छोड़ दिया है। इससे खाताधारकों में आक्रोश है। पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार, उमाकांत पंडित के 48 हजार रुपये, फूलकुमारी देवी के 33 हजार रुपये, रीता देवी के 63 हजार रुपये, हीरामुनी देवी के 55 हजार रुपये, पुरनी देवी के 58 हजार रुपये, गायत्री देवी के 15 हजार रुपये और सुनीता देवी के 33 हजार रुपये सहित कई लोगों की जमा राशि फंसी हुई है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले को धोखाधड़ी बताते हुए पुलिस से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने की मांग की है। वहीं पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।








