जनहित के कार्यों और सामाजिक समर्पण को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सराहा, सम्मान को बताया नई जिम्मेदारी की प्रेरणा।
पाकुड़- समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे पाकुड़ के समाजसेवी लुत्फल हक को राज्यस्तरीय मंच पर सम्मानित किया गया। राजधानी रांची स्थित एक होटल में 25 जून 2026 को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें उनके सामाजिक योगदान और जनहित में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर उपस्थित थे। उन्होंने लुत्फल हक को सम्मानित करते हुए समाज के प्रति उनके समर्पण,जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों की सराहना की। वित्त मंत्री ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोग दूसरों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं और ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाना समाज के लिए गौरव की बात है।
यह कार्यक्रम राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले उद्यमियों,संस्थानों एवं सामाजिक हस्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।समारोह में उद्योग, व्यापार,शिक्षा,स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोगों ने भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान झारखंड के विकास,निवेश,रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।वक्ताओं ने राज्य में नई संभावनाओं, युवाओं के लिए अवसरों और सामाजिक सहभागिता की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।सम्मानित प्रतिभागियों ने इस सम्मान को अपने कार्यों के प्रति मिली नई ऊर्जा और जिम्मेदारी का प्रतीक बताया।लुत्फल हक ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं,बल्कि उन सभी लोगों का है जो समाज के उत्थान और जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वे समाजहित के कार्यों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जारी रखेंगे।पाकुड़ के लिए यह सम्मान गर्व का विषय माना जा रहा है। स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों ने लुत्फल हक को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया है।





