पाकुड़। जिले में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को किया गया। विभिन्न प्रखंडों में स्वास्थ्य अधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारी की है।
पाकुड़िया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भरत भूषण भगत ने बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। प्रखंड क्षेत्र में कुल 139 बूथ, 3 ट्रांजिट टीम, 32 पर्यवेक्षक और 13 सब डिपो बनाए गए हैं। यहां 0 से 5 वर्ष तक के 18,068 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन 16,620 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। वहीं अमड़ापाड़ा प्रखंड में भी बूथ डे के साथ अभियान की शुरुआत हुई। सीएचसी अंतर्गत 102 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। प्रखंड में 15,559 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य है, जिसमें पहले दिन 14,131 बच्चों को दवा पिलाई गई। यह लक्ष्य का 90.82 प्रतिशत रहा। लिट्टीपाड़ा प्रखंड में सिविल सर्जन डॉ सुरेंद्र कुमार मिश्रा और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुकेश बेसरा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान शुरू किया। प्रखंड में 22,117 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 128 बूथ, 260 वैक्सीनेटर और 32 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। सिविल सर्जन ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के अगले दो दिनों 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी, सहिया और आंगनबाड़ी सेविका घर-घर जाकर बूथ तक नहीं पहुंच पाए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रह जाए।







