अक्षय कुमार
रामगढ़। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग द्वारा बी.ए. भूगोल सत्र 2026–30 एवं एम.ए. भूगोल सत्र 2026–28 के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत (फ्रेशर्स) तथा एम.ए. भूगोल सत्र 2024–26 के विद्यार्थियों के विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा परिसर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, संगीत, नृत्य, मनोरंजक गतिविधियों और भावनात्मक क्षणों से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तथा उन्हें विश्वविद्यालय जीवन में अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन के महत्व से अवगत कराया। वहीं, विदा हो रहे विद्यार्थियों ने विभाग में बिताए अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों एवं विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनके आधार पर मिस्टर फ्रेशर, मिस फ्रेशर, मिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल का चयन कर उन्हें ट्रॉफी एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विजेताओं का उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।


कुलाधिपति बी एन साह ने अपने संदेश में कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता का विकास और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना है। सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और शुभकामनाएं दीं। कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का विश्वविद्यालय परिवार में हार्दिक स्वागत है। वहीं, विदाई ले रहे विद्यार्थियों के लिए यह नई संभावनाओं और अवसरों की शुरुआत है। जीवन में सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती, इसलिए सदैव ज्ञानार्जन और उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहें।
कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, अनुशासन, समय प्रबंधन और ईमानदारी सफलता के मूल मंत्र हैं। विश्वविद्यालय से प्राप्त शिक्षा आपके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसका सदुपयोग कर आप अपने लक्ष्य अवश्य प्राप्त करेंगे। मौके पर विश्वविद्यालय के वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ)अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार , भूगोल विभाग के व्याख्याता बुद्धदेव महतो, डॉ दिलकेश्वर महतो और अक्षय सोनी ने संयुक्त रूप सभी विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दिए।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, स्मृति-चिह्न वितरण, सामूहिक छायांकन तथा सभी प्रतिभागियों के बीच सौहार्दपूर्ण मिलन के साथ हुआ।





