अक्षय कुमार
घाटो। टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, भुइयांडीह में कारगिल विजय दिवस श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति कविता पाठ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा कैंडल मार्च निकालकर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने शहीदों के प्रति पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस और बलिदान को नमन किया।


अपने संबोधन में प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने विद्यार्थियों से कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का त्याग हमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शाहिद परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा के बारे में बताया और उनके लोकप्रिय वाक्यांश यह दिल मांगे मोर का अर्थ बच्चों को समझाया साथ ही अन्य करीब 400 शहीदों को बीरबल बलिदानी कहकर पुकारा। वहीं बच्चों को देश के आदर्श नागरिक बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। इस आयोजन ने विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।






