Search

August 8, 2026 12:37 am

केकेएम कॉलेज में सीट कटौती के खिलाफ छात्रों का धरना जारी, कांग्रेस ने दिया समर्थन।

पाकुड़: केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में सीटों में कटौती के विरोध में छात्र-छात्राओं का शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में पहले करीब 4650 सीटें उपलब्ध थीं, जिन्हें घटाकर लगभग 1800 कर दिया गया है। सीटों में हुई इस कटौती से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के अवसर प्रभावित होने की आशंका है। छात्रों के आंदोलन को समर्थन देने शुक्रवार को पाकुड़ प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मानसारुल हक केकेएम कॉलेज पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांग जायज है और सीटों की पूर्व संख्या बहाल कराने के लिए हरसंभव पहल की जानी चाहिए। मानसारुल हक ने कहा कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। ऐसे में छात्रों की मांग को देखते हुए पाकुड़ विधायक निसात आलम से आग्रह किया जाएगा कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाएं और पूर्ववर्ती सीट संख्या बहाल कराने की दिशा में प्रभावी पहल करें। धरना स्थल से छात्रों ने दूरभाष के माध्यम से विधायक निसात आलम से भी बातचीत की और उन्हें सीटों में कटौती से उत्पन्न समस्या से अवगत कराया। छात्रों ने पूर्व की सीट संख्या बहाल करने की मांग विधायक के समक्ष रखी।
इस दौरान जिला सोशल मीडिया चेयरमैन पियारूल इस्लाम, जिला सचिव मिथुन मरांडी, जिला सचिव मोहम्मद सिराजुद्दीन, अल्पसंख्यक जिला सचिव मोतिउर रहमान समेत कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!