Search

August 9, 2026 10:21 pm

मांदर-नगाड़े की थाप पर थिरके कदम, ‘जय जोहार’ के नारों से गूंजा झामुमो कार्यालय।

उपासना मरांडी ने कहा- शिक्षा, रोजगार और नशामुक्ति से ही आगे बढ़ेगा आदिवासी समाज

महेशपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को झामुमो प्रखंड कार्यालय महेशपुर में आदिवासी संस्कृति और परंपरा का रंग देखने को मिला। प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद के नेतृत्व में झामुमो प्रखंड समिति एवं महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मांदर, ढोल और नगाड़े की थाप पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। इस दौरान ‘एक तीर, एक कमान, सब आदिवासी एक समान’, ‘जय जोहार’ और ‘जय झारखंड’ के नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।
कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन ने किया। मुख्य अतिथि झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी रहीं। वहीं एसडीपीओ विजय कुमार और थाना प्रभारी रवि शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सिदो-कान्हू, तिलका मांझी और दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ, माला और आदिवासी पारंपरिक परिधान पंची-पाड़हाट भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद आदिवासी भाई-बहनों ने सोहराय, दोंग और लागड़े नृत्य की प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और नृत्य ने कार्यक्रम में आदिवासी संस्कृति की जीवंत तस्वीर पेश की। कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। मुख्य अतिथि उपासना मरांडी ने कहा कि आदिवासी समाज के विकास की नींव शिक्षा, नशामुक्ति और रोजगार से मजबूत होगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिलका मांझी, सिदो-कान्हू और बिरसा मुंडा जैसे वीरों ने समाज और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके बलिदान और संघर्ष को याद रखना तथा उनकी विरासत को आगे बढ़ाना हमारी जिम्मेदारी है।
प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि समाज के विकास के लिए हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। खासकर युवाओं को आगे आकर समाज और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। एसडीपीओ विजय कुमार ने कहा कि आदिवासी समाज सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करता आया है। इसकी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों के संस्कार हमारी अमूल्य विरासत हैं। युवाओं को अपनी संस्कृति से जुड़कर इसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जरूरत है।
मौके पर जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, प्रखंड सचिव जेम्स सुशील हेंब्रम, छात्र मोर्चा के जिला सचिव तौसीफ इकबाल, प्रखंड प्रमुख सह महिला मोर्चा अध्यक्ष शुभलक्ष्मी मुर्मू सहित झामुमो के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित थे।

img 20260809 wa00194857486023238271858
img 20260809 wa00215768637538587398366

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!