Search

September 8, 2026 9:04 pm

छात्र आंदोलन से माइनिंग फंड तक भाजपा का सरकार पर हमला, बाबूलाल बुधवार को घेरेंगे डीसी कार्यालय।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था पर साधा निशाना; फर्जी केस वापस लेने और सीबीआई जांच की मांग

पाकुड़। जिले के तीन दिवसीय प्रवास पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर छात्र आंदोलन, प्रतियोगी परीक्षाओं, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और माइनिंग प्रभावित क्षेत्रों के विकास फंड को लेकर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक से छात्र व अभिभावक परेशान हैं। आंदोलन करने वाले छात्रों के साथ सरकार ने कथित तौर पर दमनात्मक रवैया अपनाया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि जनदबाव में सरकार ने कुछ परीक्षाएं रद्द कीं, लेकिन कोर्ट में सरकार की ओर से सही तरीके से पक्ष नहीं रखे जाने के कारण मामला फिर उलझ गया। अब यह केवल छात्रों का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है। भाजपा ने छात्रों की मांगों के समर्थन में आंदोलन तेज करने की बात कही। डीसी कार्यालय का घेराव, बाबूलाल मरांडी करेंगे नेतृत्व

बुधवार को डीसी कार्यालय का घेराव, बाबूलाल मरांडी करेंगे नेतृत्व

भाजपा ने छात्रों की मांगों को लेकर बुधवार को पाकुड़ में उपायुक्त कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी खुद आंदोलन का नेतृत्व करने पाकुड़ पहुंचेंगे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन को लेकर तैयारी पूरी करने का दावा किया है।

माइनिंग फंड के इस्तेमाल पर भी सवाल

भाजपा नेताओं ने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए मिलने वाले फंड के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया। कहा कि रॉयल्टी और अन्य मदों से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल प्रभावित गांवों में शौचालय, स्कूल, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विकास में होना चाहिए। आरोप लगाया गया कि राजनीतिक दबाव में प्रभावित क्षेत्रों को नजरअंदाज कर दूसरे इलाकों में योजनाएं कराई जा रही हैं। भाजपा ने प्रशासन से फंड का निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप इस्तेमाल सुनिश्चित करने के साथ आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पेसा कानून के नियम लागू करने और ग्रामसभा के निर्णयों के आधार पर विकास योजनाएं संचालित करने की मांग की।

img 20260908 wa00601259338727483570969

कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी घेरा

भाजपा नेताओं ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और विकास योजनाओं में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि युवा रोजगार के लिए परेशान हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ बिचौलियों तथा भ्रष्ट तंत्र के कारण आम लोगों तक पूरी तरह नहीं पहुंच रहा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि जनता सरकार से त्रस्त है और आने वाले समय में बदलाव चाहती है।

फर्जी मुकदमों की सीबीआई जांच की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों पर दर्ज कथित फर्जी मुकदमों का मुद्दा भी उठाया। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की आवाज दबाने के लिए दुर्भावना से मुकदमे दर्ज करा रही है। उन्होंने कथित फर्जी मामलों को वापस लेने और पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, प्रदेश प्रवक्ता दिनेश मरांडी, जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा परवीन सिंह व दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत समेत भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

img 20260908 wa00597130242474860003895

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!