पाकुड़ में प्रदेश कांग्रेस नेताओं की बैठक; संगठन मजबूती के साथ JPSC-JSSC, बेरोजगारी, पलायन, रॉयल्टी और केंद्र के बकाये का मुद्दा उठा।
पाकुड़। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर और प्रदेश महासचिव जमील अख्तर के पाकुड़ दौरे के दौरान कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने कहा कि झारखंड के खनिज संसाधनों और आर्थिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। बैठक में MMDR बिल, राज्य की रॉयल्टी, केंद्र पर कथित 1.36 लाख करोड़ रुपए के बकाये, बेरोजगारी और पलायन को लेकर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई। नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल में पारित MMDR बिल से झारखंड को आने वाले समय में करीब 14 से 15 हजार करोड़ रुपए के राजस्व नुकसान की आशंका है। कांग्रेस इसे राज्य के अधिकारों से जुड़ा बड़ा मुद्दा बताते हुए जनता के बीच ले जाएगी।
पेपर लीक पर सरकार का बचाव, CBI पर सवाल
JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार की संवेदनशीलता का दावा किया। कहा कि पारदर्शिता और सुधार के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय कमेटी बनाई गई है। CID जांच में कार्रवाई जारी है और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं नेताओं ने CBI की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वर्षों से पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों में ठोस नतीजे सामने नहीं आए। सरकार की ओर से निष्पक्ष न्यायिक समिति के विकल्प की बात भी कही गई।
राहुल गांधी के मुद्दों को भी आगे बढ़ाएगी पार्टी
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में पेपर लीक, बेरोजगारी और छात्रों के सवाल उठा रहे हैं। झारखंड में छात्र आंदोलन के दौरान भी कांग्रेस नेताओं ने छात्र प्रतिनिधियों से संवाद किया। पार्टी का दावा है कि सरकार ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से लिया है और कांग्रेस के मंत्रियों ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चुनाव से पहले ही कैंपेन कमेटी, संताल परगना पर फोकस
प्रदेश कांग्रेस की पांच सदस्यीय अभियान समिति को चुनाव से पहले ही सक्रिय किया गया है। समिति के सदस्य संताल परगना में संगठन को मजबूत करने के साथ गांव-गांव जाकर जनमुद्दों की पहचान करेंगे। बेरोजगारी, पलायन, सरकारी योजनाओं, खनिज अधिकार और स्थानीय समस्याओं को जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई है।
बैठक में जिलाध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, मनसारुल हक समेत प्रखंड अध्यक्षों, शाहीन परवेज, देबू विश्वास, गुलाम मोहम्मद सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। कांग्रेस ने साफ किया कि संगठन को मजबूत करने के साथ केंद्र की नीतियों के खिलाफ जनमुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज बुलंद की जाएगी।






