मेघा भारद्वाज बोलीं- आजीविका तक सीमित न रहें, स्थानीय उत्पादों को पहचान देकर बढ़ाएं कारोबार और आमदनी।
पाकुड़। ग्रामीण महिलाओं और छोटे उद्यमियों को अब सिर्फ कारोबार शुरू करने तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि उन्हें ब्रांडिंग, मार्केटिंग, वित्तीय प्रबंधन और बाजार से जोड़कर व्यवसाय विस्तार का अवसर मिलेगा। इसे लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जेएसएलपीएस और आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के संयुक्त तत्वावधान में इनक्यूबेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, डीडीसी अरविन्द कुमार लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत, विधायक प्रतिनिधि गोकुल अहमद और जेएसएलपीएस डीपीएम प्रवीण मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं छोटे स्तर से कारोबार शुरू कर आगे बढ़ रही हैं। अब उन्हें आजीविका से आगे उद्यमी के रूप में सोचने, उत्पाद की ब्रांडिंग करने और बाजार की जरूरत समझकर कारोबार विस्तार पर ध्यान देना होगा। महुआ, कच्चू, मशरूम सहित स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन और बाजार से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है। डीडीसी अरविन्द कुमार लाल ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण उद्यमियों की पहचान कर उन्हें उत्पाद विकास, प्रमाणीकरण, ब्रांडिंग, वित्तीय सहयोग और बाजार से जोड़ा जाएगा। इससे आय बढ़ाने के साथ लखपति दीदी अभियान को भी गति मिलेगी। आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क के प्रतिनिधि आलोक कुमार ने बताया कि चयनित उद्यमियों को प्रशिक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन के साथ मार्केटिंग व व्यवसाय विस्तार में सहयोग दिया जाएगा। सफल उद्यमियों को मॉडल के रूप में विकसित कर अन्य लोगों को भी उद्यमिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।।जिप उपाध्यक्ष अशोक कुमार भगत ने कहा कि छोटा कारोबार ही बड़े उद्यम की पहली सीढ़ी है। स्थानीय आटा, चावल, सब्जी, फल समेत अन्य उत्पादों से जुड़े व्यवसायों को बाजार मिलने से गांव में ही रोजगार बढ़ेगा और पलायन कम होगा। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों व ग्रामीण उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार, ब्रांडिंग, बाजार और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी गई।


Related Posts

रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में G+3 जिला अधिवक्ता संघ भवन का भव्य शिलान्यास, झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर रखी आधारशिला






