अमर भगत
पाकुड़/ अमड़ापाड़ा-सिंगारसी मुख्य सड़क पर छोटा तालडीह के समीप सोमवार शाम बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बचने के प्रयास में पीछे से आ रहे बाइक सवार दंपती भी सड़क पर गिर पड़े। घायलों में बासमती निवासी लोखाय पाल की पत्नी ललिता देवी (45) और अमड़ापाड़ा निवासी दीपू मुर्मू (25) शामिल हैं। सूचना पर एएसआई बिनोद टुडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सीएचसी अमड़ापाड़ा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ललिता देवी को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार, दीपू मुर्मू अपाचे बाइक (जेएच 11 एडी 6795) से अमड़ापाड़ा की ओर आ रहे थे। छोटा तालडीह के पास सिंगारसी की ओर जा रही बोलेरो (जेएच 04 एन 0261) से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसी दौरान पीछे से बाइक से आ रहे लोखाय पाल ने दुर्घटना से बचने के लिए अचानक ब्रेक लगाया, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और उनकी पत्नी ललिता देवी घायल हो गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








