युवा प्रशिक्षण केंद्र में दौड़, नींबू-चम्मच और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम।
सानू कुमार
महेशपुर/पाकुड़। गांधी जयंती के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक फाउंडेशन के ग्राम सेवा कार्यक्रम के तहत प्रवाह संस्था की ओर से देवीनगर स्थित युवा प्रशिक्षण केंद्र में खेल एवं मनोरंजन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के संदेश को याद किया। ग्राम सेवा कार्यक्रम के प्रबंधक बरुण कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिताओं में बच्चों एवं युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान 400 मीटर दौड़, गणित दौड़, नींबू-चम्मच दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी रोचक प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। ग्राम सेवा दल के सदस्यों ने उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनमें अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था। आयोजन को सफल बनाने में फील्ड ऑफिसर राखी कुमारी और वाहिद अंसारी ने सक्रिय भूमिका निभाई। मौके पर ग्राम सेवा दल के सदस्य समेत बड़ी संख्या में बच्चे और युवा उपस्थित थे।







