ललपनिया/बोकारो। बोकारो जिला के ललपनिया क्षेत्र के निवासी अक्षय कुमार ने विधि की शिक्षा पूर्ण करने के बाद अधिवक्ता के रूप में अपने पेशेवर जीवन की नई शुरुआत की है। एलएल.बी. की पढ़ाई पूरी करने के उपरांत उन्होंने झारखंड स्टेट बार काउंसिल में नामांकन की प्रक्रिया पूरी की है साथ ही झारखंड उच्च न्यायालय से जुड़कर अधिवक्ता के रूप में वे अब न्यायालय में विधिक कार्य एवं लोगों को कानूनी परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अक्षय कुमार का कहना है कि कानून के क्षेत्र में आने का उनका उद्देश्य लोगों को न्याय दिलाने के साथ-साथ आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। उनका विशेष जोर ऐसे लोगों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने पर रहेगा, जो कानूनी प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में अपने अधिकारों का प्रभावी ढंग से उपयोग नहीं कर पाते हैं। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता के रूप में वे नागरिकों को विभिन्न कानूनी मामलों में उचित मार्गदर्शन देने के साथ न्यायालयीन प्रक्रिया को समझने में भी सहयोग करेंगे। साथ ही, समाज में विधिक जागरूकता बढ़ाने के लिए कानूनी विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम एवं जनहित से जुड़े प्रयासों को भी आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।

अक्षय कुमार ने कहा कि अधिवक्ता का दायित्व केवल मुकदमों की पैरवी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में कानून के प्रति विश्वास कायम करना और जरूरतमंद लोगों को न्याय की राह दिखाना भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उनके अधिवक्ता के रूप में नई पारी शुरू करने पर क्षेत्र के लोगों, मित्रों, शुभचिंतकों एवं परिचितों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





