Search

October 28, 2026 11:14 pm

विकास की रफ्तार तेज करने में जुटीं नगर अध्यक्ष शबरी पाल, वार्ड-17 में 24.80 लाख से बनेगी सड़क-नाली

उपाध्यक्ष राणा ओझा ने भेदभाव के आरोपों को नकारा, बोले- जरूरत के हिसाब से तय हो रहीं योजनाएं।

पाकुड़। शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल की सक्रियता के बीच वार्ड संख्या 17 में सड़क और नाली निर्माण की योजना धरातल पर उतरने जा रही है। श्री हनुमान मंदिर से आदर्श नगर कैलभट तक 24 लाख 80 हजार रुपये की लागत से पीसीसी सड़क और आरसीसी नाली का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष शबरी पाल, उपाध्यक्ष राणा ओझा, कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी और वार्ड पार्षद आलमगीर अंसारी ने संयुक्त रूप से योजना का शिलान्यास किया।

शहर के विकास को लेकर अध्यक्ष की सक्रियता पर जोर।

नगर क्षेत्र में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अध्यक्ष शबरी पाल की सक्रियता चर्चा में है। स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और लोगों को असुविधा से राहत दिलाने की दिशा में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों के बीच भी उन्हें एक संघर्षशील और निर्भीक महिला के रूप में देखा जाता है। समर्थकों के बीच उन्हें ‘फ्रीडम फाइटर लेडी’ कहकर संबोधित किए जाने की बात भी सामने आती है। वार्ड-17 में प्रस्तावित निर्माण से लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क की खराब स्थिति के कारण आवागमन में परेशानी होती थी, जबकि समुचित नाली के अभाव में जल निकासी की समस्या भी बनी हुई थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को इन परेशानियों से निजात मिलने की संभावना है।

भेदभाव के आरोपों पर उपाध्यक्ष का पलटवार।

विकास योजनाओं को लेकर उठ रहे भेदभाव के आरोपों पर नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने सफाई देते हुए कहा कि परिषद का उद्देश्य किसी एक वार्ड का नहीं, बल्कि पूरे शहर का समग्र विकास करना है। योजनाओं का चयन संबंधित क्षेत्रों की जरूरत और उपलब्ध आवंटन के आधार पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ पार्षदों की ओर से परिवहन मद में योजनाएं नहीं मिलने को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे, जबकि वार्ड-17 में इसी मद से योजना का शिलान्यास विकास कार्यों की प्रक्रिया को स्पष्ट करता है। राणा ओझा ने बताया कि परिवहन मद में विभागीय स्तर से मिले दो करोड़ रुपये के आवंटन के तहत बोर्ड से पारित योजनाओं में यह कार्य शामिल है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता आरोप-प्रत्यारोप में उलझने के बजाय विकास योजनाओं को जमीन पर उतारना है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम जारी रहेगा।

शिलान्यास में कई पार्षद रहे मौजूद

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद निभा देवी, कृष्णा शर्मा, पूनम देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, रियाज अंसारी, राजा अंसारी और विमल चंद्र राउत सहित सहायक अभियंता पियुस शंकर, कनीय अभियंता साहिद सिद्दीकी, बिमल कुमार, संवेदक गुलाम अहमद और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!