अक्षय कुमार
रामगढ़। आम नागरिकों की सुरक्षा एवं पुलिस की गश्ती व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड, रजरप्पा क्षेत्र ने सीएसआर के तहत रामगढ़ पुलिस को 08 पेट्रोलिंग बाइक प्रदान कीं। सभी बाइक सायरन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस हैं। महाप्रबंधक गिरिश कुमार राठौर ने हरी झंडी दिखाकर बाइक को पुलिस लाइन के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में रामगढ़ पुलिस द्वारा बेहतर पुलिसिंग की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को इस पहल से मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर महाप्रबंधक गिरिश कुमार राठौर ने कहा कि सीसीएल सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध है। रामगढ़ पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पेट्रोलिंग बाइक उपलब्ध कराने का उद्देश्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई क्षमता बढ़ाना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करना है।

यह पहल सीसीएल और रामगढ़ पुलिस के आपसी सहयोग तथा जनसुरक्षा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सीसीएल के साथ समन्वय स्थापित कर इस पहल को धरातल पर लाने में एसडीपीओ, रामगढ़, आलोक रंजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इस अवसर पर स्टाफ अधिकारी (उत्खनन) शंभू सिन्हा, स्टाफ अधिकारी (विद्युत) अनूप डुंगडुंग, स्टाफ अधिकारी (मा.सं.) रामानुज प्रसाद, मुख्य प्रबंधक (वित्त) चंद्र मोहन मुंडा एवं सीएसआर नोडल अधिकारी आशीष झा उपस्थित रहे।






