केंद्राधीक्षकों और वीक्षकों को दिए सतर्कता बरतने के निर्देश, अब तक शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा परीक्षा संचालन।
पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने केकेएम कॉलेज और डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की जांच की।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। डीसी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन सुव्यवस्थित पाया गया। केंद्राधीक्षक और वीक्षक अपने दायित्वों के प्रति सजग दिखे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील हैं और पुलिस व दंडाधिकारियों की मौजूदगी में अभ्यर्थियों की जांच की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा समाप्ति तक इसी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।
मौके पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।







