चार क्रशर में वारदात कर मचाई थी दहशत, पश्चिम बंगाल तक फैला था गिरोह का नेटवर्क; पांच मोटर, पिकअप और हथियार बरामद।
पाकुड़। क्रशर प्लांटों में रात के अंधेरे में घुसकर गार्डों को बंधक बनाना और लाखों के मशीनरी सामान लूटकर फरार हो जाना। पाकुड़ जिले में लगातार हो रही ऐसी वारदातों के पीछे सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल में छापेमारी कर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई पांच क्रशर मोटर, पिकअप वाहन, मोबाइल फोन, हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने 24 अक्टूबर को हिरणपुर थाना क्षेत्र के आसनजोला स्थित रॉय एंड रॉय माइनिंग प्राइवेट कंपनी में धावा बोलकर नाइट गार्ड और मजदूरों को बंधक बनाया तथा क्रशर का सामान चोरी कर लिया था। इसके बाद 29-31 अक्टूबर की रात रद्दीपुर ओपी क्षेत्र के अंबियापहाड़ी स्थित एमएस दत्ता स्टोन, एमएस कृष्णा स्टोन वर्क्स और बलियापतरा स्थित एमएस मधुसूदन स्टोन को निशाना बनाया। यहां भी गार्डों को बंधक बनाकर लूटपाट की गई। वहीं, 2 नवंबर को महारो स्थित बंद पड़े पीस स्टोन क्रशर में 8 से 10 अपराधियों ने हसुआ, चाकू और लाठी के बल पर नाइट गार्ड को जान से मारने की धमकी देकर सामान लूट लिया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से खुला गिरोह का राज
लगातार हुई घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी अनुदीप सिंह ने एसडीपीओ पाकुड़ कुमार गौरव और एसडीपीओ महेशपुर विजय कुमार के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल और एसआईटी गठित की। टीम ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी तथा मानवीय सूचना के आधार पर पश्चिम बंगाल के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। अनुसंधान में सभी वारदातों में एक ही अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
मालदा और मुर्शिदाबाद से पकड़े गए आरोपी।
गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन सरकार उर्फ मिठुन सरकार (36), निवासी मोन्डई, जिला मालदा, रिंकु शेख (26) और नबी शेख (47), दोनों निवासी फरक्का, जिला मुर्शिदाबाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों ने पूछताछ में घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनके खिलाफ पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पांच मोटर समेत लूट का सामान बरामद।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन बड़ी और दो छोटी क्रशर मोटर, एक क्षतिग्रस्त डीवीआर, वारदात में इस्तेमाल बड़ा पिकअप वाहन, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, हसुआ, गड़ासा और तार काटने का औजार जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।






