साफ-सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर पूजा समितियों को दिए आवश्यक निर्देश
अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, अंचलाधिकारी औसफ अहमद खां और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी प्रयागराज दास ने प्रखंड क्षेत्र के दुर्गा मंदिर, पीएचडी, बासमती एवं डुमरचिर छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने घाटों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी समितियां आपसी समन्वय से समय रहते तैयारियां पूरी करें। मौके पर संतोष भगत, अमर भगत, लक्ष्मण भगत, जयशंकर भगत, मोनू कुमार, राहुल कुमार सहित अन्य मौजूद थे।







