Search

November 14, 2026 8:03 pm

छठ को लेकर टला मुख्य समारोह, जनता बोली- आस्था और व्यवस्था दोनों जरूरी

26 साल के इतिहास में पहली बार बदली मुख्य समारोह की तारीख

पाकुड़ : झारखंड राज्य स्थापना दिवस के मुख्य राजकीय समारोह की तिथि 15 नवंबर से बढ़ाकर 28 नवंबर किए जाने के राज्य सरकार के फैसले पर पाकुड़ के स्थानीय नागरिकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है। एक ओर जहां कुछ लोगों ने लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को देखते हुए सरकार के इस निर्णय की सराहना की है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों ने राज्य के 26 वर्षों के इतिहास में पहली बार मुख्य समारोह की तारीख आगे बढ़ाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।

IMG 20261114 WA0005

आस्था और आवागमन की सुविधा के लिए सही कदम : पवन

स्थानीय निवासी पवन कुमार भगत ने सरकार के फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि 15 नवंबर 2000 को अलग झारखंड राज्य का गठन हुआ था, लेकिन इस बार लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा होने के कारण सरकार ने समारोह को 28 नवंबर को आयोजित करने का सकारात्मक विचार किया है। उन्होंने कहा कि इस पर्व में बड़ी संख्या में लोग उपवास रखते हैं और आवागमन काफी बढ़ जाता है, ऐसे में लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए यह निर्णय उचित है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि छठ महापर्व अब केवल बिहार या झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश और विदेशों में भी श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। हालांकि यह पहला अवसर है जब तिथि बदली गई है, लेकिन आस्था और जनसुविधा को देखते हुए वर्ष 2026 के लिए यह कदम सराहनीय है और अगले वर्ष 2027 में यह पुनः अपनी निर्धारित तिथि पर मनाया जाएगा।

IMG 20261114 WA0004

स्थापना दिवस और पर्व दोनों का अपना महत्व, तिथि बदलना अनुचित: अरुण

दूसरी ओर, स्थानीय निवासी अरुण कुमार चौधरी ने सरकार के इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए असहमति जताई। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व अपनी जगह है और राज्य स्थापना दिवस अपनी जगह, दोनों ही कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के अपने तय समय पर होने चाहिए थे। उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि यदि इसी तरह पर्व-त्योहारों के कारण राष्ट्रीय या राजकीय महत्व के दिनों की तारीख आगे बढ़ाई जाने लगेगी, तो कल को 26 जनवरी जैसे महत्वपूर्ण दिवसों पर भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। चौधरी ने कहा कि झारखंड गठन के 26 वर्षों में पहली बार ऐसा हुआ है कि मुख्य स्थापना दिवस समारोह की तिथि बदली गई है, जो बिल्कुल उचित नहीं है और इससे जनता में भ्रम की स्थिति बनी है।

आज अर्पित की जाएगी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि :

बहरहाल, मुख्य राजकीय समारोह भले ही 28 नवंबर को आयोजित किया जाएगा, लेकिन कल 15 नवंबर को पाकुड़ के बिरसा चौक सहित पूरे जिले में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया जाएगा।

IMG 20261114 WA0003

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!