Search

November 21, 2026 2:07 pm

मीडिया संस्थान पर पुलिस की छापेमारी के खिलाफ पत्रकारों का आक्रोश, डीसी को सौंपा ज्ञापन

जेजेए ने कार्रवाई को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बताया, निष्पक्ष जांच और पत्रकारों की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग

पाकुड़। रांची में पत्रकार अभिषेक भारती के डिजिटल मीडिया कार्यालय पर पुलिस की छापेमारी के विरोध में बुधवार को झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन (जेजेए) की पाकुड़ जिला इकाई ने आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह के नेतृत्व में पत्रकारों ने समाहरणालय पहुंचकर मुख्य सचिव के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच तथा पत्रकारों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि सिमडेगा और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पत्रकार के आवास और डिजिटल मीडिया कार्यालय पर छापेमारी कर सामान जब्त किया गया। संगठन ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच के नाम पर मीडिया संस्थानों को निशाना बनाना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की स्वतंत्रता पर हमला है।
जिलाध्यक्ष सतनाम सिंह ने कहा कि न्यायालय से दोष सिद्ध होने तक किसी को अपराधी नहीं माना जा सकता। संगठन मीडिया ट्रायल का समर्थन नहीं करता, लेकिन पत्रकारों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता और आचार संहिता दोनों का सम्मान जरूरी है।
वरिष्ठ पत्रकार मकसूद आलम ने कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने और उन्हें भयभीत करने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान मो. काजिरुल शेख, प्रीतम सिंह यादव, विजय कुमार, यासीर अराफात, रवि शर्मा, ममता जायसवाल सहित अन्य पत्रकार मौजूद थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!