महेशपुर: पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड स्थित जयपुर पंचायत में इन दिनों प्रशासनिक व्यवस्था का एक ऐसा ‘जादुई’ नमूना देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर बड़े-बड़े जादूगर भी अपना सिर पकड़ लें। यहां के राशन डीलर सुखेन घोष पिछले दो महीने से जेल की हवा खा रहे हैं, अदालत से बेल भी रिजेक्ट हो चुकी है, लेकिन उनकी राशन दुकान किसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की तरह बिना रुके चल रही है।अब इलाके में चर्चा है कि जब डीलर साहब खुद सलाखों के पीछे हैं, तो दुकान का शटर कौन उठा रहा है? ग्रामीणों का सीधा इशारा एमओ (मार्केटिंग ऑफिसर) इंद्रजीत राउत की तरफ है। लोगों का कहना है कि दुकान सुखेन घोष नहीं, बल्कि खुद एमओ साहब की ‘अदृश्य शक्तियों’ और मिलीभगत से चल रही है।
डीएसओ साहब का आदेश और एमओ साहब की ‘कछुआ चाल’
इस पूरे मामले में सबसे मजेदार मोड़ तब आया जब पाकुड़ डीएसओ ने एमओ इंद्रजीत राउत को इस ‘भूतिया’ ढंग से चल रही दुकान की जांच करने का निर्देश दिया। लेकिन एमओ साहब ने इस आदेश को इतनी गंभीरता से लिया कि दो महीने बीत जाने के बाद भी जांच की फाइल अपनी जगह से एक इंच नहीं हिली। एमओ साहब की यह ‘कछुआ चाल’ और टालमटोल का रवैया देखकर अब गांव के बच्चे भी समझने लगे हैं कि दाल में कुछ काला नहीं, बल्कि पूरी की पूरी दाल ही काली है।
आखिर किस बात का इंतजार कर रहे हैं साहब?
चौक-चौराहों पर चाय की चुस्कियों के साथ अब यही सवाल तैर रहा है कि दो महीने से जेल में बंद डीलर की दुकान पर ताला लगाने में एमओ साहब को कौन सा मुहूर्त निकलवाना है? स्थानीय लोगों का चुटकी लेते हुए कहना है कि अगर साहब की मिलीभगत नहीं होती, तो अब तक न सिर्फ जांच पूरी हो चुकी होती, बल्कि डीलर का लाइसेंस भी रद्दी की टोकरी में जा चुका होता।फिलहाल, परेशान ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस ‘अनोखे खेल’ की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, जेल वाले डीलर का लाइसेंस रद्द कर किसी सही व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाए, और इस पूरे मामले में ‘मूकदर्शक’ बने बैठे एमओ साहब की भी क्लास लगाई जाए, ताकि गरीबों के हिस्से का राशन सही हाथों से बंट सके।








