Search

November 26, 2026 10:05 pm

रानीपुर नहर में पलटा ट्रैक्टर, दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर

राहुल दास

हिरणपुर(पाकुड़):हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित नहर के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। धान लोड करने के लिए खेत की ओर जा रहा एक सोनालिका ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी नहर में पलट गया। हादसे के दौरान ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव निवासी विभीषण मरांडी (25) और चरण मरांडी (24) के रूप में हुई है। जबकि घायल की पहचान हिरणपुर खास निवासी इमराज शेख (17) के रूप में की गई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी।घायल इमराज शेख को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर में भर्ती कराया गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद पाकुड़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

संकीर्ण कच्चे रास्ते पर बिगड़ा संतुलन, नहर में जा गिरा ट्रैक्टर

मिली जानकारी के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाला सोनालिका ट्रैक्टर धान लोड करने के लिए नहर के रास्ते खेतों की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर पर चालक समेत चार मजदूर सवार थे। इसी दौरान संकीर्ण और कच्चे रास्ते पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर का इंजन और ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी नहर में जा गिरे। नहर में लगभग तीन फीट पानी भरा हुआ था। हादसे में तीन मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दबे मजदूरों को बाहर निकाला।

500 रुपये की दिहाड़ी पर करते थे मजदूरी, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक चरण मरांडी के पिता कार्तिक मरांडी और विभीषण मरांडी के पिता चंदन मरांडी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। गरीबी के कारण दोनों युवक प्रतिदिन मजदूरी करने हिरणपुर बाजार आते थे। उन्हें दिनभर की मेहनत के बदले महज 500 रुपये मजदूरी मिलती थी। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए दोनों मेहनत-मजदूरी करते थे, लेकिन गुरुवार को ट्रैक्टर हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

चालक और वाहन मालिक की तलाश में जुटी पुलिस।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही एसआई गौतम कुमार, एएसआई ज्योतिष बास्की, उमर फारुख और पप्पू चौधरी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक छानबीन की तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद से ट्रैक्टर चालक का कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस वाहन चालक और मालिक की पहचान करने में जुटी है। इस संबंध में थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेजा गया है। घटना की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक की भूमिका और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

IMG 20261126 WA0073

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!