बजरंग पंडित
जलापूर्ति योजना के लिए पाइप बिछाने के लिए जेसीबी में लगा ब्रेकर से सड़क को तोड़ रहे है
मुखिया अनिता सोरेन ने संवेदक के खिलाफ बीडीओ से की शिकायत
पाकुड़िया पीएचईडी विभाग के सौजन्य से पाकुड़िया पंचायत अंतर्गत पाकुड़िया,हरिपुर,जोंका , शहरपुर , पाथरडंगा गांव में किए गए जलापूर्ति टंकी एवं पाईप लाईन बिछाने का कार्य में संवेदक द्वारा अनियमितता,मनमानी के साथ गुणवत्ता विहीन कार्य की शिकायत पाकुड़िया पंचायत की मुखिया अनिता सोरेन सहित सभी वार्ड सदस्यों एवं पाकुड़िया पंचायत के सैकड़ों ग्रामीणों ने बीडीओ पाकुड़िया के माध्यम से उपायुक्त को भेजा है तथा शिकायत पर त्वरित कार्यवाही की मांग की है । बीडीओ द्वारा उपायुक्त को प्रेषित किए गए शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पाकुड़िया मुख्य चौक पर निर्माण किए गए पांच हजार लीटर का जलापूर्ति टंकी में बगैर डीप बोरिंग किए पास के एक अल्प गहराई वाले पुराना चपाकल में मोटर जोड़कर पानी उठाया जा रहा है ,इस कारण पाकुड़िया चौक पर जलापूर्ति की समस्या घटने की बजाए और बढ़ गई है। पाकुड़िया चौक का एकमात्र पुराना चपाकाल में मोटर जोड़ने से चापाकल अब सुख जाता है और चापाकल से आमजनों को पानी की आपूर्ति बंद हो जाती है । जबकि पांच हजार लीटर वाले इस टंकी के लिए डीप बोरिंग होना अतिआवश्यक है । इसी तरह पाकुड़िया पंचायत में कई अन्य पुराने अल्प गहराई वाले चापाकलो में ही मोटर जोड़कर टंकी में पानी उठाने का कनेक्शन जोड़ दिया गया है जिस कारण जल संकट और गहरा गई है । पाकुड़िया ग्राम में रिंकू मंडल के घर के पास एक बढ़िया सरकारी कूप को संवेदक ने बगैर एन ओ सी लिए मनमानी करते हुए जेसीबी से धंसा दिया और उस जगह टंकी का निर्माण कराया । कूप का धंस जाने से आसपास के खेतो में किसानों को अब पानी मिलना बंद हो गया है । जलापूर्ति का पाईप बिछाने के लिए संवेदक ने मनमानी करते हुए बगैर एनओसी लिए पाकुड़िया ग्राम में अच्छी एवं सुंदर पीसीसी सड़को एवं नालियों को जेसीबी से तोड़कर कर बर्बाद कर डाला और ग्राम की सुंदरता को नष्ट कर डाला । सड़क और नालियों को तोड़ दिए जाने के कारण नालियों का पानी अब सड़क पर बहने पर सड़क पर कीचड़ भी जमने लगा है और आमजनों को सड़क पर आवागमन करने में मुश्किल हो रही है । पाकुड़िया पंचायत में गुणवत्ता पूर्ण टंकी निर्माण नही होने से टंकियों से ढलाई स्वतः छूट रहा है और पानी का लीकेज होना शुरू हो गया है । साथ ही यहां गुणवत्ता विहीन पाईप बिछाकर जलापूर्ति जोड़ने का कार्य किया गया है । संवेदक ने घरों के आंगन तक जलापूर्ति का प्रवेश नहीं कराकर मुख्य दरवाजे तक घटिया कनेक्शन खड़ाकर छोड़ दिया है । पाकुड़िया पंचायत में सरकार की घर घर नल योजना का शत प्रतिशत लाभ बिल्कुल ही नहीं मिल पा रहा है । इधर बीडीओ मनोज कुमार ने बताया कि पाकुड़िया पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणों द्वारा मिली शिकायत पर गंभीरता पूर्वक कार्यवाही होगी तथा शिकायती पत्र को कार्यवाही हेतु उपायुक्त के पास अग्रसारित कर दी जाएगी ।









