Search

May 31, 2026 11:08 pm

नगर थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव, आमने-सामने के दो बंद घरों में चोरी।

पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र के धनुष पूजा इलाके में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में पुलिस द्वारा चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा कर छह आरोपितों को जेल भेजे जाने के बावजूद चोरों ने फिर पुलिस को चुनौती देते हुए एक ही मोहल्ले के आमने-सामने स्थित दो बंद घरों को निशाना बनाया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, धनुष पूजा निवासी ननकू मरांडी 24 से 28 मई तक अपने पैतृक गांव डुंगीबरमसिया गए हुए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था, लेकिन अंदर का दरवाजा टूटा पड़ा था। आशंका है कि चोर चारदीवारी फांदकर घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर की तलाशी लेने पर अलमारी और अन्य सामान बिखरा मिला। चोर एक गैस सिलेंडर, कांसा की थाली-लोटा तथा करीब पांच तोले का चांदी का लॉकेट लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई है। सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस संबंध में ननकू मरांडी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
इसी दौरान चोरों ने ननकू मरांडी के घर के ठीक सामने स्थित जॉनी किस्कू के घर को भी निशाना बनाया। जॉनी किस्कू ने बताया कि उनकी मां गंगा मोती अस्पताल में ड्यूटी पर गई थीं। वापस लौटने पर मुख्य गेट का ताला खोलने के बाद पता चला कि अंदर से कुंडी लगी हुई है। किसी तरह घर में प्रवेश करने पर चोरी का खुलासा हुआ।
चोर घर से एक भरा हुआ गैस सिलेंडर, पीतल का मंदिर और कांसा का लोटा चोरी कर ले गए। हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। एक ही मोहल्ले में आमने-सामने के दो घरों में हुई चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। नगर थाना क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

img 20260531 wa00484977744131834128849
img 20260531 wa00492296189824746588799

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!