पाकुड़ । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर गंधाईपुर मंडल के हिरानंदनपुर पंचायत स्थित बूथ संख्या 309 पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह तथा जिला महामंत्री रूपेश भगत ने दो फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि प्रकृति केवल हमारी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। स्वच्छ वायु, शुद्ध जल और हरियाली से भरपूर पर्यावरण ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध जीवन का आधार है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पौधारोपण जैसे छोटे-छोटे प्रयास धरती को हरा-भरा और सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में मुखिया निपु सरदार, सपन कुमार, रवि दास सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।





