24 घंटे में खाते से उड़ाए 93,840 रुपये, दुमका-देवघर में निकाली नकदी और की खरीदारी
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ – प्रखंड के बिशुनपुर निवासी एक गरीब किसान परिवार साइबर ठगी का शिकार हो गया है। तकनीकी खराबी के कारण एटीएम मशीन में फंसे कार्ड का फायदा उठाकर शातिरों ने खाते से कुल 93,840 रुपये उड़ा लिए। पीड़ित सामलाल टुडू ने इस संबंध में अमड़ापाड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना बीते 30 मई की है, जब सामलाल दुमका के मसानलिया रोड स्थित एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान उसका कार्ड मशीन में फंस गया, जिसे वहां मौजूद किसी अज्ञात चोर ने चालाकी से निकाल लिया। अगला दिन रविवार होने के कारण पीड़ित बैंक बंद होने की वजह से समय पर कार्ड ब्लॉक नहीं करा सका। इसी लाचारी का लाभ उठाकर अपराधियों ने 24 घंटे के भीतर दुमका और देवघर के एटीएम से 44,000 रुपये नकद निकाल लिए और देवघर के ‘आदित्य विजन शोरूम’ से ₹49,500 की महंगी शॉपिंग भी कर डाली। खेती-बाड़ी पर निर्भर इस गरीब परिवार ने पुलिस से त्वरित कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।






