2 साल में 13वें से टॉप-5 तक पहुंचा जिला, डीसी बोले—गुणवत्ता शिक्षा पर फोकस रहेगा जारी।
पाकुड़। उपायुक्त मनीष कुमार के नेतृत्व में पाकुड़ जिला शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रोजेक्ट परख 2.0 के तहत हुए मूल्यांकन में 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने 99.43% सफलता दर हासिल कर राज्य में 5वां स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि जिले ने लगातार सुधार करते हुए 2024 में 13वें स्थान से 2025 में 11वें और अब 2026 में सीधे 5वें स्थान पर छलांग लगाई है। इस वर्ष परिणाम में 2.13% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार मॉनिटरिंग, शिक्षकों की जवाबदेही तय करने और छात्रों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की रणनीति कारगर साबित हो रही है। उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक प्रयास का परिणाम है और आने वाले समय में भी गुणवत्ता शिक्षा को और सुदृढ़ करने के लिए प्रशासन लगातार काम करता रहेगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि पाकुड़ आने वाले वर्षों में राज्य के टॉप जिलों में अपनी मजबूत पहचान बनाए।






