अमर भगत
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा प्रखंड अंतर्गत छोटा पहाड़पुर गांव में शुक्रवार को पेयजल संकट के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उदलबनी लतार टोला के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने मुख्य सड़क जाम कर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि टोले के लगभग 150 परिवार लंबे समय से गंभीर जल संकट से जूझ रहे हैं। कई बार मुखिया और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने और खाना बनाने तक के लिए दूसरे टोले से पानी लाना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर प्रखंड कार्यालय से जेई सोहेल शेख मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने तत्काल टैंकर से पानी उपलब्ध कराने तथा एक सप्ताह के भीतर बोरिंग कराकर स्थायी समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से सड़क पर उतरने को मजबूर होंगी। गौरतलब है कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। समय रहते ठोस पहल नहीं हुई तो यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।







