महेशपुर। जयपुर पंचायत के पत्थरघाटा गांव में सरकारी चापाकल में मोटर लगाने को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचायत की मुखिया रोजमेरी मुर्मू ने पूर्व मुखिया सनातन सोरेन पर सरकारी चापाकल का निजी उपयोग करने का आरोप लगाते हुए महेशपुर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव से शिकायत की है।
मुखिया द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि 14वें वित्त आयोग से निर्मित सरकारी चापाकल में मोटर लगाकर निजी पारिवारिक उपयोग किया जा रहा है। इसके कारण गांव के आम लोगों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुखिया ने बताया कि ग्रामीणों ने कई बार मोटर हटाने का आग्रह किया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने बीडीओ से मांग की है कि सरकारी चापाकल से मोटर हटवाकर उसे ग्रामीणों के लिए सुचारू कराया जाए और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
वहीं इस मामले में महेशपुर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि शिकायत मिली है। मामले की जांच के लिए स्थल निरीक्षण किया जाएगा, इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






