Search

April 30, 2026 9:01 pm

सड़क निर्माण में ढिलाई नहीं चलेगी, डीसी का साफ निर्देश, गुणवत्ता–ड्रेनेज–डेडलाइन पर फोकस।

पाकुड़, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को धरमपुर मोड़ से डीसी आवास तक बन रही सड़क का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ तौर पर कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि कार्य तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने खास तौर पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर देते हुए कहा कि बरसात में कहीं भी जलजमाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां-जहां वैकल्पिक मार्ग बनाए जा रहे हैं, वहां समतलीकरण, सुरक्षा और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए सड़क की मजबूती पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। डीसी ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सड़क के अलाइनमेंट, लाइटिंग, मीडियन और शहरी क्षेत्र से जुड़ने वाले हिस्सों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण सिर्फ एक परियोजना नहीं, बल्कि लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास से जुड़ा अहम कार्य है। इसलिए इसे टिकाऊ, सुरक्षित और जनहित के अनुरूप बनाया जाना जरूरी है, ताकि इसका लाभ लंबे समय तक मिल सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!